पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। बिहार में बाढ़ के बीच मछलियों को लेकर स्वास्थ्य संबंधी चेतावनी जारी की गई है। नेपाल में आई बाढ़ के बाद बिहार की नदियों में पानी बढ़ने के साथ कुछ इलाकों में अज्ञात और असामान्य मछलियां पहुंचने की सूचना सामने आई है। इन मछलियों के सेवन के बाद कुछ लोगों के बीमार पड़ने की जानकारी के बीच बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के मत्स्य प्रभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।विभाग ने लोगों से बाढ़ के पानी से पकड़ी गई मछलियों को खाने, खरीदने और बेचने से बचने की अपील की है। खासकर ऐसी मछलियां जो देखने में अज्ञात या सामान्य से अलग हों, उन्हें बिना पहचान और संबंधित विभाग की पुष्टि के खाने योग्य नहीं मानने को कहा गया है। बगहा एसडीएम चांदनी कुमारी ने लोगों को इस तरह की मछलियों से सावधानी बरतने के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।
सरकार के अनुसार बाढ़ के दौरान नदियों, तालाबों और अन्य जलस्रोतों का पानी गंदे नालों, मृत पशुओं और दूसरे दूषित पदार्थों के संपर्क में आ सकता है। ऐसे पानी में रहने वाली मछलियों के भी बैक्टीरिया, वायरस और अन्य रोगजनकों से दूषित होने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसी मछलियों का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
*पानी सामान्य होने तक बरतें सावधानी*
मत्स्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बाढ़ का पानी स्थिर होने और जलस्रोतों की स्थिति सामान्य होने तक बाढ़ के पानी से पकड़ी गई मछलियों का खाद्य उपयोग नहीं किया जाना चाहिए। लोगों से अपील की गई है कि वे फिलहाल ऐसी मछलियों के सेवन से पूरी तरह बचें।
