पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा, 6 सितंबर। सीमा सुरक्षा के साथ जवानों को शारीरिक रूप से फिट रखने और फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 21वीं वाहिनी द्वारा रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 21वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री तपेश्वर संबित राउत के नेतृत्व में एसएसबी जवानों की टीम ने करीब 40 किलोमीटर की साइकिल यात्रा पूरी की।

कमांडेंट के नेतृत्व में जवानों की टीम ने वाहिनी मुख्यालय, मंगलपुर (बगहा) से साइकिल यात्रा शुरू की। जवान बॉर्डर रोड के रास्ते हरनाटांड़ स्थित लौकरिया थाना तक पहुंचे और वहां से वापस वाहिनी मुख्यालय लौटे। इस दौरान जवानों ने करीब 40 किलोमीटर की दूरी लगभग दो घंटे में तय की।अभियान के दौरान जवानों ने सीमा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया। साइकिल यात्रा के माध्यम से जवानों ने स्थानीय लोगों के बीच फिटनेस, अनुशासन, टीम भावना और सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

इस अवसर पर कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने अभियान में शामिल जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि ‘संडे ऑन साइकिल’ जैसे अभियानों से जवानों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ टीम भावना भी मजबूत होती है। साथ ही, सीमा क्षेत्र में नियमित भ्रमण से सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलती है।उन्होंने कहा कि एसएसबी फिटनेस और टीम भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ सीमा की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत प्रत्येक रविवार साइकिल के माध्यम से सीमा क्षेत्र का दौरा करने पर जोर दिया जाएगा।
