पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
वाल्मीकिनगर। बिहार सरकार के पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री नंदकिशोर राम से पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान क्षेत्र में पशुपालन एवं मत्स्य पालन को बढ़ावा देने, रोजगार के अवसर पैदा करने, पर्यटन के विकास तथा सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा समेत आधारभूत संरचनाओं को और बेहतर बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। पूर्व विधायक रिंकू सिंह ने मंत्री को क्षेत्र की जनसमस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं से अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
मंत्री नंदकिशोर राम ने कहा कि वाल्मीकि की तपोभूमि वाल्मीकिनगर में ऐसी कोई समस्या नहीं है, जिस पर सरकार काम नहीं कर सकती। धीरे-धीरे विकास का कार्य पटरी पर लौट रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में पूर्व विधायक रिंकू सिंह की पहल पर वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए हैं।
उन्होंने कहा कि बगहा-2 प्रखंड के थारू आदिवासी बहुल क्षेत्रों के साथ-साथ गंडक पार के मधुबनी, पिपरासी, भीतहा और ठकराहा प्रखंडों में सड़क निर्माण से आवागमन की सुविधा बेहतर हुई है। इसके अलावा बिजली, पानी, स्कूल, कॉलेज सहित विभिन्न विकास योजनाओं को धरातल पर उतारा गया, जिसका लाभ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को मिला है।
मंत्री ने वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के पर्यटन विकास का भी उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंच चुका है। इसकी प्राकृतिक खूबसूरती के कारण लोग इसे ‘बिहार का कश्मीर’ तक कहने लगे हैं।
नंदकिशोर राम ने कहा कि पूर्व विधायक रिंकू सिंह ने क्षेत्र के लोगों की भलाई और विकास के लिए जो बातें उनके समक्ष रखी हैं, उन पर विभागीय स्तर पर विशेष रूप से अमल किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन विभाग से संबंधित योजनाओं का लाभ क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी, ताकि ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के अवसर प्राप्त करने में मदद मिल सके।दोनों नेताओं के बीच हुई इस मुलाकात को वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में विकास की नई संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
