पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार
बगहा अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत प्रखंड बगहा-02 के सभागार में 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति की समीक्षा बैठक बुधवार आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष श्री रंजन यादव ने की, जबकि संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) श्री बिट्टू कुमार राम ने किया। बैठक में 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति के सम्मानित सदस्यगण सहित प्रखंड स्तरीय विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जुगनू आलम, सदस्य 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति, बगहा-02 सह नगर अध्यक्ष, जदयू बगहा ने जनहित और पारदर्शिता से जुड़े छह महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।उन्होंने 20 सूत्री कार्यालय की मरम्मत के लिए 15वीं वित्त योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 में आवंटित ₹3.10 लाख की राशि में कथित वित्तीय अनियमितता की निष्पक्ष जांच कराने तथा स्पेशल ऑडिट कराने की मांग रखी।इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 के बीच विभिन्न पंचायतों में लगाए गए ओपन जिम के प्राक्कलन (Estimate) एवं भुगतान वाउचर की सत्यापित प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की गई।
जुगनू आलम ने बुनियादी विद्यालय पिपरासी, वार्ड-13 के परिसर में लगातार हो रहे जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान कराने, आवश्यक मिट्टी भराई कराने, अतिक्रमण हटाने तथा विद्यालय परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण की मांग भी उठाई।बैठक में प्रखंड के भवनहीन विद्यालयों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने तथा विद्यालयों के लिए भूमि चिह्नित करने के संबंध में अब तक हुई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने की मांग की गई। वहीं प्राथमिक विद्यालय सुरवाबारी (वकुली) परिसर में लगाए गए जिम से संबंधित मद, प्राक्कलन एवं भुगतान वाउचर का संपूर्ण विवरण उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।इसके साथ ही पंचायत समिति योजनाओं को लेकर वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में प्राप्त बजट, स्वीकृत योजनाओं की सूची तथा अद्यतन वित्तीय प्रतिवेदन उपलब्ध कराने की मांग की गई।जुगनू आलम ने कहा कि सभी उठाए गए सवालों को बैठक की कार्यवाही पंजी (Proceeding) में दर्ज कर संबंधित पदाधिकारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई प्रतिवेदन (Action Taken Report) मंगाया जाना चाहिए, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।उन्होंने कहा कि जनता के अधिकारों, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
