BCCL के सहयोग से जुटाई गई राहत सामग्री का प्रखंडवार होगा वितरण, प्रशासन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचेगी मदद
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बेतिया। पश्चिम चंपारण में गंडक नदी की बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए कोयला एवं खान मंत्रालय के केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने राहत अभियान तेज कर दिया है। बाढ़ की जानकारी मिलते ही उन्होंने कोयला मंत्रालय के अंतर्गत संचालित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के साथ समन्वय स्थापित कर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की पहल की। इसी क्रम में पटना से 30 वाहनों में राहत सामग्री लेकर चंपारण पहुंचाई गई है।
मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने शुक्रवार को बेतिया से राहत सामग्री से लदे वाहनों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया। उन्होंने कहा कि राहत सामग्री का वितरण प्रशासन और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से प्रखंडवार किया जाएगा, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर जरूरी सामान पहुंच सके।
इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम, लौरिया विधायक विनय बिहारी, बगहा विधायक राम सिंह, भाजपा बगहा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार, बेतिया जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि चंपारण उनके लिए केवल एक क्षेत्र नहीं, बल्कि अपना परिवार है। आपदा की इस घड़ी में यहां के प्रत्येक बाढ़ प्रभावित परिवार के साथ खड़े रहना उनकी प्राथमिकता है। राहत सामग्री के माध्यम से प्रभावित लोगों को भोजन, आवश्यक वस्तुएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राहत अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सहायता समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचे और कोई भी प्रभावित परिवार संकट के समय खुद को अकेला महसूस न करे।
मंत्री ने भरोसा दिलाया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि चंपारण के लोगों के साथ उनका पारिवारिक रिश्ता है और इस कठिन समय में उनके साथ खड़े रहना उनकी जिम्मेदारी है।
