बोल्डर से कटावरोधी कार्य शुरू, विद्युत आपूर्ति एहतियातन बंद; अधिकारियों को मौके पर निगरानी का निर्देश
##पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। प्रखंड एक अंतर्गत रतवल पंचायत के रोहुआ नाला के समीप गंडक नदी से हो रहे कटाव की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी बगहा श्रीमती चांदनी कुमारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए कटाव स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।एसडीएम के निर्देश पर आरसीडी एवं जल संसाधन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर कटावरोधी कार्य तत्काल शुरू कराया गया। कटाव को नियंत्रित करने के लिए बोल्डर समेत अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।कटाव के कारण रोहुआ नाला के आगे विद्युत पोल के प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए कार्यपालक अभियंता, विद्युत के माध्यम से संबंधित क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति एहतियातन बंद करा दी गई है। साथ ही विद्युत पोल और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक एवं कटावरोधी कार्य कराया जा रहा है।एसडीएम चांदनी कुमारी ने कहा कि गंडक नदी के कटाव की सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को मौके पर लगाया है।

कटाव को रोकने के लिए बोल्डर सहित आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराए जा रहे हैं तथा स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित खतरे को देखते हुए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर रहकर कटावरोधी कार्य की निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
