अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और दवाओं की उपलब्धता का मुद्दा उठाया, मंत्री ने दिया समाधान का आश्वासन
##पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण ….
वाल्मीकिनगर। विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को सुलभ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर जदयू के प्रदेश महासचिव सह वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान पूर्व विधायक ने वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र के अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकों की तैनाती और जरूरी दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
पूर्व विधायक रिंकू सिंह ने स्वास्थ्य मंत्री से क्षेत्र की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होने से स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने क्षेत्र की समस्याओं पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए जल्द समाधान की दिशा में पहल करने की बात कही।
इस मुलाकात से वाल्मीकिनगर विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और अस्पतालों की व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।
