गोड़ियापट्टी घाट समेत कई छठ घाटों पर सफाई, सुरक्षा और तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार)
बगहा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर प्रशासनिक सक्रियता तेज हो गई है। सोमवार को अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने बगहा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-25 स्थित गोड़ियापट्टी छठ घाट समेत विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया।इस दौरान एसडीएम ने घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पहुंच पथ, छठव्रतियों की सुविधाओं और पर्व को लेकर चल रही तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से दुरुस्त करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान बगहा एसडीपीओ निहार भूषण, बीडीओ प्रदीप कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी सरोज बैठा एवं उपसभापति रश्मि रंजन सहित अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।वहीं, गोड़ियापट्टी छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह एवं समिति के प्रवक्ता विमलेंदु सिंह उर्फ मुन्ना सिंह ने घाट की तैयारियों और पूजा समिति की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी अधिकारियों को दी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, रोशनी, सुरक्षा एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए, ताकि छठव्रती और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं सुरक्षित माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
