**प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी से जिलेभर में बनी रही शांति, श्रद्धालुओं ने उत्साह व श्रद्धा के साथ की पूजा-अर्चना**
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार……..
**पश्चिम चंपारण।** लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ पश्चिम चंपारण जिले में शांतिपूर्ण, हर्षोल्लास एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतियों ने पारंपरिक विधि-विधान एवं पूरी श्रद्धा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की।

महापर्व को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिले के विभिन्न छठ घाटों पर प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई थी। वहीं, जिला नियंत्रण कक्ष के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही थी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने छठ महापर्व के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासनिक सतर्कता, पुलिस बल की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग से लोक आस्था का महापर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। उन्होंने पर्व के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मियों, स्वयंसेवकों एवं जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त
किया।
