वेदों से लेकर लोकगीतों तक भारतीय संस्कृति और सनातन चेतना का प्रतीक है छठ महापर्व
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार…….
बगहा। लोक आस्था का महापर्व छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और प्रकृति उपासना का प्राचीन प्रतीक है। छठ पर्व कम से कम 4500 वर्ष पुराना माना जाता है। यह बातें पं. भरत उपाध्याय ने छठ पर्व की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कही।उन्होंने बताया कि छठ के दौरान व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर जीवन, संतान सुख, आरोग्य एवं परिवार की समृद्धि की कामना करती हैं। यह परंपरा वैदिक काल से चली आ रही सूर्योपासना की जीवंत अभिव्यक्ति है। वेदों में सूर्य को समस्त जगत की आत्मा और जीवन ऊर्जा का आधार बताया गया है। इसी मान्यता के अनुरूप छठ में सूर्यदेव की आराधना की जाती है।पं. उपाध्याय के अनुसार, महाभारत में कुंती द्वारा सूर्यदेव की उपासना तथा रामायण की परंपराओं में भगवान राम की सूर्य आराधना के प्रसंग भी सूर्योपासना की प्राचीनता को दर्शाते हैं। वैदिक साहित्य में उषा और प्रत्युषा का उल्लेख मिलता है, जिन्हें लोक आस्था में छठी मैया की उपासना से भी जोड़ा जाता है।उन्होंने कहा कि छठ का निर्जला उपवास, आत्मसंयम, शुद्धता और तपस्या का प्रतीक है। इस पर्व में प्रकृति, जल और सूर्य के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। यही कारण है कि छठ का धार्मिक महत्व होने के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व भी अत्यंत व्यापक है।उन्होंने बताया कि बिहार से लेकर झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नेपाल और विश्व के अनेक देशों में भारतीय प्रवासी समुदाय पूरी श्रद्धा के साथ छठ पर्व मनाते हैं। छठ के पारंपरिक लोकगीतों में भी हजारों वर्षों पुरानी सूर्योपासना की सांस्कृतिक विरासत की झलक मिलती है।अंत में उन्होंने कहा कि छठ केवल एक व्रत नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है, जो वेदों की ऋचाओं से लेकर लोकगीतों तक सनातन परंपरा को जीवंत बनाए हुए है। इसमें सूर्य केवल आराध्य देव नहीं, बल्कि संपूर्ण जीवन और प्रकृति के आधार के रूप में प्रतिष्ठित हैं।
