पं. भरत उपाध्याय ने छठ पर्व को प्रकृति, श्रद्धा और पारिवारिक एकता का प्रतीक बताया
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार…….
बगहा। गंडक पार के धनहा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुंदरपुर मुसहरी में छठ पूजा सेवा समिति की ओर से भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर पूर्व प्राचार्य पंडित भरत उपाध्याय गुरुजी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि सूर्य डूबता अवश्य है, लेकिन अपना प्रकाश देना कभी नहीं छोड़ता। यही जीवन की सबसे बड़ी सीख है कि परिस्थितियां कैसी भी हों, अपने कर्तव्य और अपनों के प्रति प्रेम कभी कम नहीं होना चाहिए।उन्होंने कहा कि छठ महापर्व माताओं की अटूट श्रद्धा, तपस्या और संतान के प्रति निस्वार्थ प्रेम का प्रतीक है। इस पर्व में प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की महान परंपरा समाहित है। सूर्य की रोशनी, धरती से मिलने वाले अन्न और जल के महत्व को समझना तथा उनकी रक्षा करना हम सभी का धर्म है।
गुरुजी ने लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि वे अच्छे और कठिन, दोनों समय में एक-दूसरे का साथ दें, माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान करें, प्रकृति और जल की रक्षा करें तथा परिवार में प्रेम और एकता बनाए रखें। उन्होंने छठी मइया से सभी व्रतियों की तपस्या सफल होने, संतान के उज्ज्वल भविष्य और परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार सिंह, अंशुमान पांडेय, मन्नू सिंह, चंदेल, संजीत राय, अंकित राय, भागीरथी गुप्ता एवं हरीश द्विवेदी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद सभी अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के आयोजक आकाश सिंह की सभी गणमान्य लोगों ने पहली बार इस तरह का भव्य आयोजन कराने के लिए सराहना की। जागरण कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।
