मिथिलेश कुमार झा सुपौल
बिहार के अररिया जिले में गुरुवार देर रात को एक भीषण सड़क हादसे ने सुपौल के थुमहा गांव में मातम पसरा दिया। तिलक समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन सवार छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक को स्थानीय ग्रामीणों ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से सुरक्षित बचा लिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, हादसा अररिया जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत बीड़ी पुल के पास हुआ। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग अररिया जिले के सिकटी प्रखंड स्थित भपटिया गांव में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होकर अपने घर सुपौल लौट रहे थे। इसी दौरान बीड़ी पुल के तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो सीधे पुल से नीचे मरिया नदी में जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन अन्य छह लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
हादसे में जान गंवाने वालों में आदित्य कुमार (20), शिवा कुमार (16), यश कुमार (15), मुन्ना कुमार (17), सौरभ कुमार (15) और कुंदन कुमार (24) शामिल हैं। इनमें अधिकांश सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। यश कुमार का संबंध राघोपुर थाना क्षेत्र के टेरही छपकी गांव से बताया गया है।
सभी छह मृतकों के शव अररिया सदर अस्पताल लाए गए, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। सदर अस्पताल के चिकित्सक और मुख्यालय डीएसपी ने छह लोगों की मौत की पुष्टि की है।
इस हृदयविदारक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां एक झटके में छीन लीं। जिस समारोह से लौटते वक्त घर पहुंचने की उम्मीद थी, उसी सफर का अंत छह परिवारों के लिए कभी न भरने वाले जख्म के रूप में हुआ। घटना के बाद सुपौल और अररिया, दोनों जिलों में शोक की लहर है। इधर सुबह सवेरे जैसे ही 6 लोगों का शव थूमहा गांव जैसे ही पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया है गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है, लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई है, एक ही गांव से एक साथ 6 अर्थी निकाली गई है, बताया जा रहा है कि करने वाले युवकों का उम्र 13 से 30 साल के बीच है,
बाइट –संजय कुमार स्थानीय ग्रामीण
बाइट –मृतक के परिजन
