पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के निर्देश के आलोक में पुलिस जिला बगहा अंतर्गत बगहा थाना क्षेत्र के डी.एम. एकेडमी, बगहा-1 में बुधवार को “ऑपरेशन विधि पालक युवक” के तहत महिला सुरक्षा एवं साइबर फ्रॉड से संबंधित जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, महिला हेल्पलाइन, आपातकालीन सहायता सेवाओं तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। पुलिस पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।इस दौरान महिलाओं के सम्मान, लैंगिक समानता और सुरक्षित समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को छेड़छाड़, उत्पीड़न, साइबर अपराध एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की जानकारी तत्काल पुलिस को देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
पुलिस पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को कानून का सम्मान करने, साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संदेश दिया। बताया गया कि बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना के आदेशानुसार प्रत्येक मंगलवार को साइबर क्राइम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना, महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा अपराध की रोकथाम में जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
