पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बेतिया।जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने बुधवार को ठकराहा प्रखंड कार्यालय, अंचल कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, विभिन्न पंजियों एवं संचिकाओं के संधारण तथा विभागीय कार्यों की प्रगति का बारीकी से जायजा लिया।जिला पदाधिकारी ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में उपस्थिति पंजी, आगत पंजी, निर्गत पंजी, गार्ड फाइल, कैश बुक सहित अन्य महत्वपूर्ण पंजियों एवं संचिकाओं की जाँच की।

उन्होंने कार्यालय में संचालित कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अंचल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने परिमार्जन, म्यूटेशन, अतिक्रमण, भू-अर्जन सहित विभिन्न राजस्व मामलों की प्रगति की समीक्षा की। राजस्व मामलों के निष्पादन में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने तथा लापरवाही एवं शिथिलता बरतने को गंभीरता से लेते हुए संबंधित राजस्व कर्मचारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया।जिला पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि राजस्व से संबंधित मामलों की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन कराएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन से जुड़े राजस्व मामलों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंचलाधिकारी एक सप्ताह के अंदर कार्यों में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि कार्यालय में आने वाले आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा नियमानुसार उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में कार्यों का समयबद्ध निष्पादन एवं आमजन को बेहतर सेवा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।इसके पश्चात जिला पदाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, ठकराहा का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवा की उपलब्धता, साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।जिला पदाधिकारी ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को स्वास्थ्य केन्द्र में मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित रखने तथा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी अपने दायित्वों का पूरी तत्परता से निर्वहन करें।निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया तथा उनकी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से समस्याओं के संबंध में जानकारी लेते हुए नियमसंगत एवं त्वरित कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, बगहा चांदनी कुमारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा सुजीत कुमार सहित संबंधित स्थानीय पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
