पिकनिक मनाकर घर लौट रहे थे युवक, हादसे में कार के उड़े परखच्चे;
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार……
बगहा। प्रखंड बगहा एक अंतर्गत छोटकी पट्टी-भैरोगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार की शाम खोड़ा परसा गांव के समीप भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार मारुति कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।मृतकों की पहचान धनेश कुमार (20), आलोक कुमार और कृष्णा कुमार के रूप में हुई है।
वहीं, घायलों में अरविंद कुमार, अमीर कुमार समेत एक अन्य युवक शामिल है। सभी की उम्र 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक मारुति कार से वाल्मीकिनगर पिकनिक मनाने गए थे। वहां से अपने घर शिकारपुर थाना क्षेत्र के नवलपरासी लौट रहे थे। इसी दौरान खोड़ा परसा गांव के समीप अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में कार सवार सभी छह युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की 112 पुलिस टीम स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन युवकों की स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।एक साथ तीन शव और तीन गंभीर घायलों के अस्पताल पहुंचने से अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अपनों की मौत और घायलों की गंभीर हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।इधर, घटना की जानकारी मिलने पर नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पुलिस पदाधिकारियों और जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।
