एसडीएम चांदनी कुमारी के निर्देश पर घाट की कराई जा रही लेवलिंग, अध्यक्ष राहुल सिंह के नेतृत्व में सुबह से चल रही तैयारी
बगहा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बगहा नगर परिषद के वार्ड नंबर-25 स्थित गुड़ियापट्टी छठ घाट को सजाने-संवारने की तैयारी शुरू हो गई है। घाट को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पूजा समिति के सदस्य सुबह से ही व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को घाट निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। उनके निर्देश के आलोक में घाट की लेवलिंग का कार्य कराया जा रहा है, ताकि छठव्रतियों को अर्घ्य देने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
पूजा समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह अपने पूरी टीम के साथ घाट की साफ-सफाई, समतलीकरण और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय हैं। समिति का प्रयास है कि छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाट पर स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित वातावरण मिले।
पूजा समिति की सक्रियता और प्रशासन के निर्देशों के साथ गुड़ियापट्टी छठ घाट को आकर्षक एवं व्यवस्थित रूप देने की तैयारी जोर पकड़ रही है।
इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ छठ पूजा संपन्न कराने का लक्ष्य रखा गया है।
