पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा 28 अगस्त 26। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर पुलिस केंद्र बगहा में महिला सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को विशेष पहल की गई। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार बगहा ने ‘पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम (अभया ब्रिगेड)’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने टीम के सदस्यों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, जागरूकता और सहायता के लिए सक्रिय एवं संवेदनशील होकर कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर महिला सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।‘पुलिस दीदी पेट्रोलिंग टीम’ का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा जरूरत के समय पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। टीम द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में पेट्रोलिंग के साथ-साथ महिलाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी भी ली जाएगी।रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की गई यह पहल महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में बगहा पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। पुलिस प्रशासन ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित करने के लिए लगातार सक्रिय रहने का संदेश दिया।
