(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार)…
बगहा।मधुबनी इंटरमीडियट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय के निज निवास स्थित शुभाश्रम हनुमानगढ़ी में साप्ताहिक नवाह अनुष्ठान के अवसर पर आयोजित संध्या प्रवचन में अहिल्या उद्धार की कथा सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। छपरा से पधारीं सुश्री प्रिया प्रियदर्शनी एवं प्रख्यात कथावाचक पंडित हेमंत तिवारी ने घनश्याम शांडिल्य के मंगलाचरण के बाद कथा का वाचन किया।
कथावाचक हेमंत तिवारी ने बताया कि उद्धार के बाद जब प्रभु श्रीराम ने अहिल्या से उनकी इच्छा पूछी तो उन्होंने अपने पति गौतम ऋषि के पास जाने की इच्छा जताई। इस पर अहिल्या ने कहा कि जिनके श्राप से प्रभु के दर्शन का सौभाग्य मिला, यदि उनका आशीर्वाद मिला होता तो क्या नहीं प्राप्त होता।
इस अवसर पर अखिलेश शांडिल्य ने कहा कि पुस्तक से अधिक ज्ञान का भंडार मनुष्य के मस्तिष्क में होता है। श्रोताओं को खुले मन से कथा सुननी चाहिए और उसमें निहित संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम में यशवंत मणि, अरविंद तिवारी, उमेश यादव, धीरेंद्र मणि त्रिपाठी, दिनेश कुमार गुप्ता, गुलाब सैनी सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में पूर्व प्राचार्य एवं योगिश मणि ने आरती संपन्न कराई।
