पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
रामनगर/बगहा। बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून लागू है और इसकी निगरानी की जिम्मेदारी पुलिस महकमे पर है। ऐसे में रामनगर थाना क्षेत्र में डायल-112 में तैनात दो पुलिसकर्मियों के शराब के नशे में सड़क पर हंगामा करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने पर बगहा एसपी राजेश कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर थाने में डायल-112 सेवा में पदस्थापित पीटीसी एएसआई सुरेंद्र कुमार मुनमुन और हवलदार सुनील कुमार के सड़क पर लड़खड़ाने और हंगामा करने का वीडियो सामने आया था। वीडियो में दोनों पुलिसकर्मी बाइक से गिरते और सड़क पर हंगामा करते नजर आ रहे थे। स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया।

वीडियो की जानकारी मिलने के बाद बगहा एसपी राजेश कुमार ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए रामनगर एसडीपीओ सत्येंद्र राम को जांच और आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। एसडीपीओ के नेतृत्व में दोनों पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में दोनों के शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई।मेडिकल जांच की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर एसडीपीओ ने अपनी जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपी। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद एसपी ने एएसआई सुरेंद्र कुमार मुनमुन और हवलदार सुनील कुमार को निलंबित कर दिया। दोनों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून के पालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई के बाद महकमे में भी हड़कंप की स्थिति है।
