(पंचानन सिंह बगहा (पश्चिम चंपारण)।
बगहा। दुर्गा पूजा की सप्तमी तिथि के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जिला बगहा में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार के निर्देशानुसार शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में दुर्गा पूजा पंडालों एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई।
पूजा पंडालों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रतिनियुक्त पुलिस बल को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। इसके साथ ही पूजा पंडालों एवं प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया गया है।
दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। सप्तमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस बल को सतर्क रहने तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित किसी भी समस्या पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर मां दुर्गा की आराधना कर सकें।
