पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। बिहार में जीविका स्वयं सहायता समूहों की स्थापना के 20 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुरुवार, 2 अक्टूबर 2026 को पश्चिम चंपारण के लौरिया प्रखंड अंतर्गत मिश्रौली चौक स्थित शुभ मंगलम विवाह भवन में जनता दल यूनाइटेड की पहल पर ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए किए गए कार्यों की चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिवान की पूर्व सांसद कविता सिंह शामिल हुईं। वहीं वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार, जदयू बिहार प्रदेश महासचिव सह वाल्मीकिनगर के पूर्व विधायक धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह, पूर्व विधान पार्षद भीष्म साहनी, बगहा के पूर्व विधायक सह जदयू बगहा जिलाध्यक्ष प्रभात रंजन सिंह, जिलाध्यक्ष शत्रुघ्न कुशवाहा, महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आरती देवी और रानी सिंह सहित कई नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम का मंच संचालन महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष आरती देवी ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धीरेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रिंकू सिंह ने कहा कि वे जीविका दीदियों और चंपारण के जदयू कार्यकर्ताओं की ओर से राज्यसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। उनके नेतृत्व में शुरू हुई जीविका पहल ने बिहार की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि कभी घर की चौखट तक सीमित रहने वाली बिहार की लाखों ग्रामीण महिलाएं आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक, सामाजिक और सामुदायिक नेतृत्व में अपनी पहचान बना रही हैं। जीविका के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर मिले हैं। इससे न केवल उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है, बल्कि ग्रामीण समाज में भी सकारात्मक बदलाव आया है।
वक्ताओं ने कहा कि जीविका की 20 वर्षों की यात्रा महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सामूहिक प्रयासों की एक महत्वपूर्ण मिसाल है। आज जीविका दीदियां अपने परिवार की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक विकास में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
इस अवसर पर आरती निषाद, जिला अध्यक्ष माला रौनियार, वंदना पांडेय, शांति देवी, लक्ष्मीना देवी, रेनू रानी, ममता देवी, शोभा देवी, निवेदिता मिश्रा, प्रतिमा देवी और अंतिम देवी सहित सैकड़ों महिलाएं एवं जदयू कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जीविका दीदियों के योगदान को सम्मानित करते हुए महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया गया।
