गयाजी में पिंडदान के बाद घर पर आयोजित हुआ धार्मिक कार्यक्रम, केंद्रीय मंत्री ने परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
##पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। प्रखंड-1 के बड़गांव स्टेट निवासी समाजसेवी अमरेश्वर सिंह उर्फ अमर सिंह एवं राकेश्वर सिंह के परिवार की ओर से आयोजित पिंडदान कार्यक्रम में केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे शामिल हुए। यह कार्यक्रम समाजसेवी अमरेश्वर सिंह और राकेश्वर सिंह के चाचा सुरेश्वर सिंह द्वारा अपने पिता स्वर्गीय मारकंडेश्वर सिंह के पिंडदान के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया है। इस अवसर पर बगहा विधायक राम सिंह भी मौजूद रहे।कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने परिवार के सदस्यों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत मारकंडेश्वर सिंह की आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए प्रार्थना की और परिजनों को इस धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान समाजसेवी अमरेश्वर सिंह ने बताया कि उनके दादाजी स्वर्गीय मारकंडेश्वर सिंह के निधन के बाद पितृपक्ष में उनके चाचा सुरेश्वर सिंह ने गयाजी जाकर विधि-विधान के साथ पिंडदान किया। इसके बाद घर वापसी पर बड़गांव स्टेट स्थित उनके आवास पर पिंडदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में पूरे क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित किया गया है।

सुरेश्वर सिंह ने पूरे उत्साह और भव्यता के साथ क्षेत्रवासियों को आमंत्रित कर इस आयोजन को पारिवारिक और सामाजिक सहभागिता का स्वरूप दिया।कार्यक्रम में बगहा विधायक राम सिंह, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भुलान साह, भाजपा महामंत्री संतोष यादव सहित सैकड़ों गणमान्य लोग और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। सभी ने धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर दिवंगत मारकंडेश्वर सिंह को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया।पितृपक्ष में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिल रही हैं। धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ इस आयोजन ने सामाजिक और पारिवारिक एकजुटता का भी संदेश दिया।
