पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार……
बगहा। डिग्री कॉलेज, बड़गांव में शुक्रवार को संविधान गौरव दिवस के उपलक्ष्य में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने संबोधित किया। उन्होंने भारतीय संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमारा संविधान विश्व के सबसे विस्तृत संविधानों में से एक है। इसकी मूल भावना प्रत्येक नागरिक को न्याय, समानता और अधिकारों की गारंटी देना है। संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा और राष्ट्र की एकता का आधार है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ने, जनादेश का अपमान करने और देश में अराजकता फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती।

उन्होंने कांग्रेस और विपक्ष के कुछ दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ संविधान और लोकतंत्र से ऊपर नहीं हो सकता।उन्होंने युवाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि देश का युवा संविधान की गरिमा, लोकतंत्र की शक्ति और नकारात्मक राजनीति को भली-भांति समझता है। भारत का युवा किसी भी असंवैधानिक आचरण को स्वीकार नहीं करेगा। विपक्ष की अराजकता फैलाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी।

देश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ मजबूती से खड़ी है।कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात करने और एक सशक्त, समृद्ध एवं विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।इस अवसर पर बगहा विधायक राम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार,अमरेश्वर सिंह उर्फ अमर सिंह, कॉलेज के प्राचार्य संजीव कुमार सहित शिक्षक, अभिभावक, विद्यार्थी, युवा साथी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
