संघर्ष से संगीता को मिली सफलता, शिक्षक दिवस पर बेतिया में होंगी सम्मानित — पं. भरत उपाध्याय
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
मधुबनी। बगहा अनुमंडल अंतर्गत मधुबनी प्रखंड स्थित राजकीयकृत हरदेव प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय की प्रिय शिष्या एवं मधुबनी की बेटी संगीता मिश्रा, प्रधानाचार्या, उच्च विद्यालय कठार, को शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को बेतिया में सम्मानित किया जाएगा।संगीता मिश्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके गुरु पं. भरत उपाध्याय ने शुभकामना संदेश में कहा कि संगीता की शिक्षा-दीक्षा अत्यंत संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में हुई। विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और निरंतर अध्ययनशील रहते हुए सफलता की नई ऊंचाइयों को हासिल किया। उनके अथक परिश्रम, लगन और समर्पण का ही परिणाम है कि आज उन्हें शिक्षक दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जा रहा है।

संगीता मिश्रा की इस उपलब्धि से गंडक पार क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों एवं प्रबुद्धजनों में खुशी की लहर है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि संगीता ने अपने संघर्ष और मेहनत से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।उनके सम्मान की खबर मिलते ही शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है। शिक्षक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय बुद्धिजीवी उन्हें शिक्षक दिवस के साथ-साथ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि संगीता मिश्रा की सफलता नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
