पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बेतिया। जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन अब पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों के बाद, पूरे जिले में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान छेड़ दिया गया है।

इसी क्रम में बेतिया अंचल प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सरकारी जमीन पर अवैध रूप से निर्मित झोपड़ियों को हटा दिया गया है। प्रभारी अंचल अधिकारी, श्रीमती नगमा तबस्सुम के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने अतिक्रमण वाद संख्या 2/24-25 के आलोक में चिन्हित स्थल पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई की।प्रशासनिक टीम ने उज्जैन टोला स्थित खेसरा संख्या 7805/7 के अंतर्गत आने वाले 0.5 डिसिमल रकबा को अतिक्रमण मुक्त कराया।

इस दौरान सरकारी जमीन पर बांस और प्लास्टिक की मदद से बनाई गई 27 जाफरीनुमा झोपड़ियों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया। जिलाधिकारी श्री तरनजोत सिंह ने स्पष्ट किया है कि सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अतिक्रमण की पहचान करें और विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे अविलंब खाली कराएं।
