पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
24 घंटे में 11,543 सिलेंडरों की होम डिलीवरी।
जिले में एलपीजी वितरण व्यवस्था को सुचारु एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। अपर समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा ने बताया कि गैस वितरण में गड़बड़ी, अनियमितता एवं उपभोक्ताओं से अभद्र व्यवहार की शिकायतों को प्रशासन अत्यंत गंभीरता से ले रहा है। ऐसे मामलों में संबंधित गैस एजेंसियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।उन्होंने बताया कि जिले के सभी सहायक आपूर्ति पदाधिकारी एवं प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा कि घरेलू एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है। वर्तमान में जिले में 14.2 किलोग्राम के 31,283 घरेलू गैस सिलेंडर तथा 19 किलोग्राम के 1,488 वाणिज्यिक गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए वितरण व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से मजबूत किया गया है।उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटों में जिले में 11,543 गैस सिलेंडरों की सफलतापूर्वक होम डिलीवरी कराई गई है, जो प्रशासन की सक्रिय निगरानी एवं बेहतर समन्वय का परिणाम है।इसके साथ ही गैस आपूर्ति से संबंधित प्राप्त 8 शिकायतों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को भेजते हुए त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि गैस बुकिंग, डिलीवरी अथवा आपूर्ति से जुड़ी किसी भी प्रकार की देरी, अनियमितता या शिकायत होने पर वे जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06254-247002 एवं 06254-247003 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
