सुरक्षा, अग्निशमन, सीसीटीवी एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने का निर्देश।
##पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बेतिया। दुर्गा पूजा एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया श्री कुमार गौतम ने बेतिया शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों एवं पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। उन्होंने पावर हाउस, काली बाग, नाका चौक, बानूछापर आदि पूजा पंडालों का जायजा लिया।इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के आयोजकों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं भीड़ प्रबंधन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम, प्रवेश एवं निकास द्वारों की समुचित व्यवस्था, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग, स्पष्ट संकेतक (साइनेज), प्राथमिक उपचार की सुविधा तथा प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा एवं दशहरा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पूजा समितियां आपसी समन्वय के साथ निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन करें तथा भीड़ प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखें।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पूजा स्थलों एवं पंडालों में भीड़ नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा असामाजिक तत्वों पर निगरानी के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। सभी आयोजक प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखें, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के उपरांत जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने नगर आयुक्त, बेतिया, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर, कार्यपालक अभियंता, विद्युत, भवन प्रमंडल, सिविल सर्जन, अग्निशमन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती, मेडिकल टीम तथा अग्निशमन दल को पूरी तरह अलर्ट रखने का निर्देश दिया।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूर्ण करने तथा पूजा स्थलों पर नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया, ताकि दुर्गा पूजा एवं दशहरा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अनुमंडल पदाधिकारी, बेतिया सदर श्री विकास कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला गोपनीय शाखा श्री सुजीत कुमार सहित अन्य संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी तथा कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
