पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। चीनी मिलों के चालू होने से पहले गन्ने का मूल्य घोषित करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर ईख कास्तकार संघ, बिहार के बैनर तले सोमवार को अनुमंडल कार्यालय के समक्ष किसानों ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। किसान नेता छोटे श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के बाद किसानों ने अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
संघ ने गन्ने का मूल्य 650 रुपये प्रति क्विंटल करने, आपूर्ति के तुरंत बाद किसानों के बैंक खाते में भुगतान करने, 14 दिनों वाली भुगतान व्यवस्था समाप्त करने और चीनी मिल परिसर में सरकारी धर्मकांटा लगाने की मांग की। इसके अलावा खाद खरीद से फार्मर आइडी की व्यवस्था हटाने, किसानों को उचित दर पर खाद-बीज व कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा नारायणी नदी पार के किसानों के लिए समुचित ढुलाई व्यवस्था की मांग की गयी।किसानों ने चीनी मिलों के चालू होने से पहले गन्ने का मूल्य घोषित करने और सर्वे के आधार पर पूरे सीजन का कैलेंडर जारी कर पर्ची निर्गत करने की तिथि स्पष्ट करने की भी मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र पहल नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में बिहारी प्रसाद कुशवाहा, लाल बाबू यादव, सोहन कुमार गुप्ता, सूरजभान यादव, प्रेमचंद यादव, विजय कुमार सिंह, कपिल देव चौहान, मुन्ना खां, भुवाल कुशवाहा, राजेंद्र पाल, रामजी काजी, वीरेंद्र पांडेय, प्रभुनाथ दीक्षित, प्रकाश चौधरी समेत सैकड़ों किसान शामिल रहे।
