वाल्मीकिनगर से गोपालगंज तक गंडक नदी के दोनों किनारों पर पक्के तटबंध बनाने की उठाई मांग
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। बिहार प्रदेश मुखिया संघ के उपाध्यक्ष सह चंदरपुर-रतवल पंचायत के मुखिया नितेश राव ने गंडक नदी से हर वर्ष उत्पन्न होने वाली बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ आने के बाद प्रभावित परिवारों को सहायता राशि और राहत सामग्री उपलब्ध कराना जरूरी है, लेकिन हर वर्ष राहत पर निर्भर रहने के बजाय सरकार को दीर्घकालिक समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।नितेश राव ने कहा कि वाल्मीकिनगर से गोपालगंज तक गंडक नदी के दोनों किनारों पर पक्के एवं मजबूत तटबंध का निर्माण कराया जाना चाहिए। इससे नदी के बढ़ते जलस्तर के दौरान आसपास के गांवों और आबादी को बाढ़ के पानी से बचाने में मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि बाढ़ से हर साल किसानों, मजदूरों और आम लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। सरकार को बाढ़ राहत पर होने वाले खर्च के साथ-साथ ऐसी स्थायी परियोजनाओं पर भी प्राथमिकता से काम करना चाहिए, जिससे भविष्य में बाढ़ की विभीषिका और राहत राशि पर निर्भरता दोनों कम हो सकें।मुखिया संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष ने सरकार और संबंधित विभाग से गंडक नदी के दोनों किनारों की स्थिति का तकनीकी सर्वेक्षण कराकर मजबूत तटबंध निर्माण की समग्र योजना तैयार करने की मांग की है।
