पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार….
बगहा।अनुमंडलीय कारा बगहा में शुक्रवार की अहले सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी और निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक, बगहा, अनुमंडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से जेल परिसर में हड़कंप मचा रहा।
छापेमारी के दौरान कारा के सभी वार्डों, बैरकों, बंदियों के रहने वाले स्थानों और पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली गई। इसके साथ ही जेल में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी कार्यप्रणाली की भी जांच की गई। अधिकारियों ने कारा की सुरक्षा व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक इंतजामों का जायजा लिया।
हालांकि, सघन तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कारा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और विधि-व्यवस्था के मद्देनजर इस तरह का औचक निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
