पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार….
नरकटियागंज।बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को नरकटियागंज प्रखंड के सात गांवों में कैंडल मार्च निकाला गया। जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था ग्राम नियोजन केंद्र की ओर से कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित इस अभियान में करीब 800 ग्रामीण महिलाओं और किशोरियों ने भाग लिया।
हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर निकली महिलाओं और किशोरियों ने बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की। इस दौरान प्रतिभागियों ने समाज से बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने तथा प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य का अवसर देने की अपील की। साथ ही बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।आयोजकों ने बताया कि बाल विवाह उन्मूलन को लेकर जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को जागरूक करने के साथ सामाजिक भागीदारी बढ़ाना और बाल विवाह की रोकथाम के लिए लोगों को सक्रिय करना है।
कार्यक्रम में अरुणेंद्र कुमार सिंह, शशिकांत पाठक, बहादुर मांझी, प्रियंका कुमारी जायसवाल, ओमप्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
**यूपी फाइट टाइम्स | अजमेर आलम**
