रतवल दरबार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में सैकड़ों गणमान्य लोगों ने अर्पित किए श्रद्धासुमन
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण)
मधुबनी (बगहा)। बगहा अनुमंडल के मधुबनी प्रखंड स्थित राजकीयकृत हरदेव प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज के पूर्व प्राचार्य पं. भरत उपाध्याय ने कहा कि महान व्यक्ति वही होता है, जिसे उसके जाने के बाद भी दुनिया श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करती है। स्वर्गीय रेनू राव आजीवन दीन-दुखियों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित रहीं। उनका जीवन समाजसेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण है।वे रतवल दरबार में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में स्वर्गीय रेनू राव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अपने विचार व्यक्त कर रहे थे।
पं. भरत उपाध्याय ने कहा कि रेनू जी को समाजसेवा की प्रेरणा अपने पति स्वर्गीय सूर्यदेव राव से मिली थी। पति-पत्नी के रूप में दोहरी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने लंबे समय तक अनेक कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन इसके बावजूद समाजसेवा के प्रति उनका समर्पण कभी कम नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि रेनू जी दीन-दुखियों की सेवा को सर्वोपरि मानती थीं। उनका मानना था कि व्यक्ति को अपने दुखों को भूलकर जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। यही सोच उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषता थी। वे निस्वार्थ भाव से जरूरतमंदों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहती थीं।
कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव से बनाई विशिष्ट पहचान
रेनू राव अपनी कर्तव्यनिष्ठा, निष्पक्षता और सरल स्वभाव के कारण गांव सहित आसपास के दूरदराज के क्षेत्रों में भी सम्मानित थीं। उनके सामाजिक योगदान और सेवा भावना ने लोगों के हृदय में विशेष स्थान बनाया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर कुल प्रमुख एवं पूर्व पैक्स अध्यक्ष ठाकुर आनंदेव राव, बड़गांव स्टेट के ठाकुर अमरेश्वर सिंह,यूनिसेफ बीएमसी संतोष सिंह राठौर, कपिल देव तिवारी, सरपंच दिवाकर पाठक, मुखिया नीतीश राव, अजित राव, अमित राव, गुंजन राव, संतोष सिंह दुर्गेश, सुभाष सिंह, दिनेश कुमार गुप्ता, गोपाल पाण्डेय, गगनदेव राव सहित सैकड़ों गणमान्य लोगों ने स्वर्गीय रेनू राव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
