पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बगहा। नौरंगिया और वाल्मीकिनगर के बीच जंगल में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। भेड़िहारी कंपार्टमेंट के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार सभी छह युवक घायल हो गए। इनमें एक युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, सभी छह युवक गोरखपुर से कार में सवार होकर वाल्मीकिनगर जा रहे थे। इसी दौरान नौरंगिया और वाल्मीकिनगर के बीच जंगल से गुजरते समय तेज रफ्तार के कारण चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी युवक घायल हो गए।हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा पहुंचाया।अस्पताल में सभी घायलों का इलाज जारी है। इनमें से एक युवक की स्थिति गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य घायलों का भी उपचार किया जा रहा है।घटना के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुटी रही। जंगल के रास्ते पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
