अनुमंडलीय अस्पताल में आयोजित शिविर में भाजपा व भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान, जरूरतमंदों की सेवा का दिया संदेश
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा। प्रधानमंत्री के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बगहा एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में भाजपा एवं भाजयुमो के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
कार्यक्रम में बिहार सरकार के मंत्री नंदकिशोर राम एवं बगहा विधायक राम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। साथ ही समाजहित में आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए आगे आने का संदेश दिया।

शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष अचिंत्य कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मनोज सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। युवाओं ने निस्वार्थ सेवा भाव के साथ रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की सहायता के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई।रक्तदान करने वालों में विकास राव, सिद्धांत राज, मो. इर्शाद अहमद, भूपेंद्र जायसवाल एवं आयुष पांडे सहित कई युवा कार्यकर्ता शामिल रहे। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। इस दौरान “सेवा ही संकल्प है, सेवा ही संस्कार है” के भाव के साथ समाजहित में निरंतर सेवा कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई गई।
