पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
भितहा थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) राजकुमार राम को ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में अनुशासनहीन व्यवहार करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। बगहा पुलिस अधीक्षक के स्तर से जारी कार्रवाई के तहत मंगलवार को एसआई राजकुमार राम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र बगहा निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद भितहा थाना पुलिस महकमे में चर्चा का माहौल है।
बताया गया है कि ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में अनुशासनहीन व्यवहार करने तथा पुलिस विभाग की मर्यादा के अनुरूप आचरण नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच के दौरान आरोपों से संबंधित तथ्यों की जांच की जाएगी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई निर्धारित होगी।
पुलिस विभाग में अनुशासन और कर्तव्य के प्रति जिम्मेदारी को लेकर इस तरह की कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
