रामनगर। सबुनी रोड स्थित राजहंस स्कूल के समीप त्रिवेणी नहर किनारे बुधवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। एसडीएम चांदनी कुमारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने बुलडोजर से अवैध निर्माण ध्वस्त कराए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली से मलबा हटाया गया।कार्रवाई के बीच प्रभावित भूमिहीन परिवारों के पुनर्वास का मुद्दा भी गरमा गया। पूर्व कांग्रेस प्रत्याशी जयेश मंगलम सिंह ने एसडीएम से मुलाकात कर बेघर हो रहे गरीब परिवारों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नहर किनारे मुसहर, दलित, मुस्लिम और तुरहा समाज के कई परिवार वर्षों से बसे हैं। इनमें अधिकांश भूमिहीन हैं और उनके पास रहने का कोई दूसरा ठिकाना नहीं है।
जयेश मंगलम सिंह के अनुसार, एसडीएम ने प्रभावित परिवारों को अपनी व्यवस्था के लिए एक माह की मोहलत देने तथा वास्तविक भूमिहीनों को सरकारी जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने प्रशासन से मानवीय आधार पर ठंड से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था करने की मांग की।
