पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार……..
बगहा। बगहा पुलिस जिले के चौतरवा थाना परिसर में दिवाली की रात भोजपुरी गाने पर पुलिसकर्मियों के डांस करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है। वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी और कुछ अन्य लोग चर्चित भोजपुरी गाना ‘कमरिया करे लपालप’ की धुन पर ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद थाना परिसर में इस तरह के आयोजन और पुलिसकर्मियों के आचरण को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो दिवाली की रात का है। सूत्रों के अनुसार, त्योहार के जश्न के दौरान थाना परिसर में डांस का आयोजन किया गया था। वीडियो में एएसआई अजीत कुमार, चौतरवा थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार की पत्नी रंजीता कुमारी, महिला सिपाही सह थाना मैनेजर समेत करीब एक दर्जन पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों के शामिल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में दिख रहे सभी लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
एसडीपीओ ने जांच कराने की कही बात
मामले में बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया है। इसकी जांच कराई जाएगी कि वीडियो कब और कहां का है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विभागीय नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर उठे सवाल
गौरतलब है कि बिहार पुलिस मुख्यालय की ओर से सार्वजनिक स्थानों और पुलिस परिसरों में अश्लील एवं द्विअर्थी भोजपुरी गाने बजाने पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ऐसे में थाना परिसर में इस तरह के गाने पर डांस का वीडियो वायरल होने से पुलिस विभाग की अनुशासन व्यवस्था और पुलिसकर्मियों के आचरण पर सवाल खड़े हो रहे हैं।हालांकि, वायरल वीडियो की वास्तविकता, समय, स्थान और उसमें नजर आ रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई स्पष्ट हो सकेगी।
