कार पर लगा था सीआरपीएफ का स्टीकर और भारत सरकार का लोगो, तलाशी में पीएमओ, एनआईए व सीआरपीएफ के नाम से बने कई पहचान पत्र बरामद
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिम चंपारण बिहार……
बगहा। लौकरिया थाना क्षेत्र स्थित 21वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) मुख्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक व्यक्ति खुद को प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) और राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय (एनएससीएस) का अधिकारी बताकर कमांडेंट से मिलने पहुंच गया। संदेह होने पर एसएसबी अधिकारियों ने उससे पूछताछ की। इसके बाद उसकी कार की तलाशी ली गई, जिसमें पीएमओ, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट के नाम से बने कई पहचान पत्र और संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। एसएसबी ने आरोपित को पकड़कर लौकरिया पुलिस के हवाले कर दिया।
एसएसबी के आवेदन के अनुसार, 11 नवंबर को दोपहर करीब 2:50 बजे संजीव कुमार श्रीवास्तव वाहिनी के आरपी गेट संख्या-1 पर पहुंचा था। उसने खुद को पीएमओ और एनएससीएस का अधिकारी बताते हुए कमांडेंट से मुलाकात करने की इच्छा जताई। उसने यह भी दावा किया कि एनएससीएस में शामिल होने से पहले वह सीआरपीएफ में सहायक कमांडेंट के पद पर कार्यरत था। हालांकि, पूछताछ के दौरान वह अपने दावों के समर्थन में कोई ठोस प्रमाण नहीं दे सका।
कार पर लगा था सीआरपीएफ का स्टीकर
आरोपित किआ कार (यूपी 53 एफएन 0122) से एसएसबी मुख्यालय पहुंचा था। कार पर सीआरपीएफ का स्टीकर और भारत सरकार का लोगो लगा हुआ था। तलाशी के दौरान कार से पीएमओ, एनआईए और सीआरपीएफ के सहायक कमांडेंट के नाम से जुड़े पहचान पत्र समेत कई संदिग्ध कागजात मिले। इसके बाद एसएसबी अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया।
उप कमांडेंट के आवेदन पर प्राथमिकी
मामले में 21वीं वाहिनी के उप कमांडेंट यशवंत कुमार के आवेदन पर लौकरिया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष रमण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।गिरफ्तार संजीव कुमार श्रीवास्तव उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निचलौल थाना क्षेत्र अंतर्गत बुढाडीह कला गांव का निवासी है। पुलिस बरामद पहचान पत्रों और संदिग्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित किन उद्देश्यों से एसएसबी मुख्यालय पहुंचा था और उसके दावों की वा
स्तविकता क्या है।
