महापौर ने दिए सुरक्षा व रोशनी के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण)….
बेतिया। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के सभी छठ घाटों की सफाई युद्धस्तर पर कराई जा रही है। प्रमुख घाटों पर कई शिफ्टों में सफाई अभियान चल रहा है। घाटों के पानी को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने के लिए मिनी पोकलेन मशीन से पानी के अंदर जमा कचरा निकाला जा रहा है।महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने बताया कि छठ व्रतियों की सुविधा के लिए घाटों की सफाई के साथ पहुंच पथों को मोटरेबल बनाया जा रहा है। मंगलवार को उन्होंने दुर्गाबाग छठ घाट का निरीक्षण कर सफाई कार्यों का जायजा लिया और संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए।महापौर ने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्ट्रीट लाइटों की खराबी दूर करने तथा बिजली के सभी पोलों की अर्थिंग जांच कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ के दौरान घाटों पर भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में विद्युत सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ घाट, सुगम आवागमन और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी कराई जा रही हैं।
