मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने DBT के माध्यम से जारी की पेंशन राशि, लाभार्थियों में खुशी
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार.. ….
बेतिया। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को पश्चिम चंपारण जिले के 4,00,321 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 44 करोड़ 3 लाख 53 हजार 100 रुपये हस्तांतरित किए। पेंशन की राशि खाते में पहुंचने से वृद्धजनों, दिव्यांगों और विधवा महिलाओं में खुशी की लहर है।

बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण मंगलवार को बेतिया समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में किया गया। सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को लाभार्थियों के खाते में 1,100 रुपये पेंशन राशि भेजी जा रही है।इस अवसर पर जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने कहा कि पेंशन राशि बढ़ाकर 1,100 रुपये करना और प्रत्येक माह की 10 तारीख को नियमित भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है।

इससे समाज के कमजोर, जरूरतमंद और वंचित वर्गों को आर्थिक संबल मिलेगा तथा वे सम्मानपूर्वक जीवनयापन कर सकेंगे।डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेंशन भुगतान में तकनीकी या प्रशासनिक बाधा आने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित न रहे।कार्यक्रम में प्रभारी अपर समाहर्ता अमरेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता सह सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशनधारी मौजूद रहे। लाभार्थियों ने पेंशन राशि में वृद्धि और नियमित भुगतान की व्यवस्था पर प्रसन्नता जताई।
