भूतपूर्व वन क्षेत्र पदाधिकारी बी डी सिन्हा की पुण्यतिथि पर विशेष चलंत दरिद्रनारायण भोज का आयोजन
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार……
वाल्मीकिनगर-भूतपूर्व वन क्षेत्र पदाधिकारी स्वर्गीय बी. डी.सिन्हा की पुण्यतिथि के अवसर पर वाल्मीकिनगर एवं आसपास के इलाकों में विशेष चलंत दरिद्र नारायण भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय न्यास स्वरांजलि सेवा संस्थान की टीम ने सुबह एवं शाम क्षेत्र में घूम-घूम कर लावारिस दिव्यांगों ,असहायों एवं जरूरतमंद लोगों की तलाश की और उन्हें सम्मान पूर्वक पूड़ी,छोले एवं मिठाइयां प्रदान की। संध्या बेला में इन लोगों के बीच चावल, कढ़ी और सब्जी से भरा स्वादिष्ट फूड पैकेट प्रदान किया गया।

इस पुनीत पहल से दर्जनों, मानसिक बीमार, जरूरतमंद एवं लावारिस दिव्यांग जन लाभान्वित हुए। समाजसेवी संगीत आनंद ने बताया कि स्वर्गीय बी. डी. सिन्हा के सुपुत्र सेवा निवृत जेनरल मैनेजर सह वाल्मीकि वसुधा परिवार के संस्थापक संजू जी के विशेष सहयोग से स्वरांजलि सेवा संस्थान द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। अपने पिता की स्मृति को समाज सेवा के माध्यम से जीवंत रखने की यह पहल लोगों के बीच सराहना का विषय बनी हुई है। डॉक्टर संजय प्रसाद ने बताया कि संजू जी कई दशकों तक वाल्मीकिनगर में रहे हैं । उनके पिता स्वर्गीय बी. डी.सिन्हा वन क्षेत्र पदाधिकारी के रूप में अपनी कार्य कुशलता कर्तव्यनिष्ठा एवं गरीबों के प्रति सहयोगात्मक भावना के कारण इस क्षेत्र में भी काफी लोकप्रिय थे।

उनका व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनका सहयोग आज भी लोगों के स्मरण में है। वहीं स्वरांजलि सेवा संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्षा अंजू देवी ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी संजू जी ने अपने पिता की पुण्यतिथि को सेवा और मानवता के कार्य से यादगार बनाने का उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने आगे भी संस्था के सामाजिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहयोग देने की ईच्छा जताई है। लावारिस दिव्यांग एवं जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण करके उन्हें संतुष्ट और तृप्त करना ही स्वर्गीय सिन्हा के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। संस्थान ऐसे असहाय, लावारिस दिव्यांग एवं जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाने के अपने संकल्प को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। यूं तो 14 नवंबर 2012 से नियमित रूप से ऐसे लोगों को स्वरांजलि सेवा संस्थान द्वारा घूम घूम कर भोजन प्रदान किया जाता है।

इस विशेष चलंत दरिद्रनारायण भोज के तहत ई .टाइप कॉलोनी, लव कुश घाट, तीन नंबर पहाड़ कॉलोनी ,छाता चौक, गोल चौक गोलंबर ,तीन आर .डी पुल, टंकी बाजार, हवाई अड्डा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया गया। मानव सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है, इसी भावना के साथ आयोजित यह विशेष चलंत दरिद्र नारायण भोज स्मृतिशेष स्वर्गीय सिन्हा की स्मृतियों को समाज सेवा के माध्यम से सहेजने की एक सराहनीय पहल साबित हुआ। इस मौके पर कैलाश साह, अखिलानंद, अनमोल कुमार, लक्ष्मण सोनी, एवं डॉक्टर संजय प्रसाद उपस्थित थे।
