पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बगहा, 12 सितंबर। पुलिस अधीक्षक, बगहा द्वारा शनिवार को पुलिस निरीक्षक अंचल कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना में लंबित कांडों की गहन समीक्षा करते हुए पुराने मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने कांडों के अनुसंधान में तेजी लाने के साथ-साथ निष्पादन में गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान कांडों से संबंधित संचिकाओं के समुचित रख-रखाव, अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण तथा थाना परिसर की साफ-सफाई को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक ने थाना स्तर पर पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने पर बल दिया। उन्होंने आमजनों के साथ सदैव सौहार्दपूर्ण, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में विधि-व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी पुलिस पदाधिकारी अथवा कर्मी के विरुद्ध पुलिस की छवि धूमिल करने वाली शिकायत प्राप्त होने पर उसे गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसी शिकायतों की नियमानुसार जांच कर दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को कर्तव्य के प्रति सजग रहते हुए निष्पक्ष, संवेदनशील एवं जिम्मेदार पुलिसिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के साथ-साथ आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
