(पंचानन सिंह बगहा पश्चिम चंपारण बिहार……
बगहा। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मंगलवार को जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह ने बगहा अनुमंडल के पांच प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बगहा-एक प्रखंड के दीनदयाल नगर, गोड़ियापट्टी, शास्त्रीनगर, नरैननापुर एवं काली स्थान छठ घाटों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों और पूजा समितियों को आवश्यक निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने घाटों पर साफ-सफाई, मजबूत बैरिकेडिंग, वॉच टावर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, पार्किंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा।डीएम ने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।मौके पर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, एसडीएम चांदनी कुमारी, एसडीपीओ निहार भूषण, नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार, बीडीओ प्रदीप कुमार, जिला गोपनीय शाखा के विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं गोड़ियापट्टी छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राहुल सिंह, रानू सिंह, प्रवक्ता विमलेंदु सिंह उर्फ मुन्ना सिंह, दीनदयाल नगर छठ पूजा समिति के अध्यक्ष राकेश सिंह सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
