एमएलसी सौरभ कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल आपूर्ति और जांच सेवाएं बहाल करने की मांग की
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार)
बेतिया। राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, बेतिया में आवश्यक जांच सामग्री और रिएजेंट की कमी से कई महत्वपूर्ण चिकित्सीय जांच सेवाएं बाधित हैं। EDTA वायल और जरूरी रिएजेंट उपलब्ध नहीं होने से CBC, बायोकेमिस्ट्री और कुछ महत्वपूर्ण वायरल जांच प्रभावित हो रही हैं। इससे मरीजों को समय पर जांच कराने में परेशानी उठानी पड़ रही है।इस मामले में बिहार विधान परिषद के सदस्य सौरभ कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा है कि क्षेत्रफल की दृष्टि से बिहार के सबसे बड़े जिले पश्चिम चंपारण की बड़ी आबादी इलाज और चिकित्सीय जांच के लिए बेतिया मेडिकल कॉलेज पर निर्भर है। ऐसे में जांच सुविधाओं का बाधित होना मरीजों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रहा है।

उन्होंने पत्र में कहा है कि सरकारी अस्पताल में जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को निजी जांच केंद्रों का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा और इलाज में भी देरी की आशंका बनी रहेगी।एमएलसी ने स्वास्थ्य मंत्री से EDTA वायल सहित सभी आवश्यक जांच सामग्री और रिएजेंट की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने तथा बाधित जांच सेवाओं को अविलंब बहाल करने का आग्रह किया है। साथ ही, सामग्री की कमी के कारणों की समीक्षा कर जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
