पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण।
बेतिया। बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय सभागार में मतदान दलों की ब्रीफिंग हुई। जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी तरनजोत सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम और पुलिस अधीक्षक, बगहा राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी पदाधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। मतदान समय पर शुरू कराने, मतपत्रों एवं मतपेटिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। उन्होंने मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने पर रोक, अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर नियंत्रण और ऑनलाइन रिपोर्टिंग समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

उन्होंने मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद चेकलिस्ट से उसका मिलान करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में वरीय अधिकारियों को तत्काल सूचना देने का निर्देश दिया। साथ ही, मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन और मतदान के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जमा कराने की हिदायत दी।वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया। वहीं, एसपी बगहा राजेश कुमार ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को समय पर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने को कहा।बैठक में डीडीसी काजले वैभव नितिन, अपर समाहर्ता राजीव रंजन सिन्हा, अनिल कुमार सिन्हा, अमरेंद्र कुमार, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री, उप निर्वाचन पदाधिकारी लालबहादुर राय, जिला पंचायती राज पदाधिकारी सौरभ आलोक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
