यूरिया के साथ अन्य उर्वरक या कीटनाशक की जबरन बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यूरिया के संतुलित उपयोग के प्रति किसानों को करें जागरूक।
जिला उर्वरक निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न।
नैनो यूरिया जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी दिया गया बल।
पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आज जिला उर्वरक निगरानी समिति की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में माननीय विधायक श्री अभिषेक रंजन, माननीय विधान पार्षद श्री भीष्म सहनी, उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन, जिला कृषि पदाधिकारी श्री सरफराज असगर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उर्वरक के थोक विक्रेता उपस्थित रहे।बैठक के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जिले में उर्वरकों की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था, मांग एवं आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने समीक्षा करते हुए कहा कि समिति के सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है कि किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उन्हें निर्धारित मात्रा एवं मूल्य पर उर्वरक सहज रूप से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी दुकानदार द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत मिलती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, थोक विक्रेताओं की संलिप्तता पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। जिला पदाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि यूरिया के साथ अन्य उर्वरक या कीटनाशक की जबरन बिक्री की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को यूरिया के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि अनावश्यक उपयोग से होने वाले नुकसान से बचा जा सके। इसके साथ ही नैनो यूरिया जैसे वैकल्पिक उर्वरकों के उपयोग को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया। उन्होंने कहा कि नैनो यूरिया के प्रयोग से फसलों की उत्पादकता बढ़ती है और लागत में कमी आती है, इसलिए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है।
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि यूरिया के डायवर्जन (अन्य उपयोगों में अवैध खपत) को रोकने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है और इस पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार समय पर उर्वरक उपलब्ध हो सके। उन्होंने निर्देश दिया कि किसानों को आवंटन के अनुरूप समान रूप से उर्वरक उपलब्ध कराने की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाय।जिला कृषि पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले में यूरिया सहित अन्य उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसानों को जरूरत के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। किसान किसी भी प्रकार के अफवाहों पर ध्यान नहीं देंगे।
उन्होंने बताया कि उर्वरक की कालाबाजारी, निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली या किसी भी प्रकार की अनियमितता/शिकायत की स्थिति में किसान भाई सीधे संबंधित अनुमंडल के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं—
📍 बेतिया सदर अनुमंडल: 8340544273
📍 नरकटियागंज अनुमंडल: 9068880885
📍 बगहा अनुमंडल: 8340456058
किसानों की सुविधा एवं समस्या के त्वरित समाधान हेतु यह व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।बैठक में माननीय विधायक श्री अभिषेक रंजन ने किसानों को सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया। वहीं, माननीय विधान पार्षद श्री भीष्म सहनी ने चीनी मिलों के आसपास उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नैनो यूरिया के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने तथा निर्धारित मूल्य पर उर्वरक बिक्री सुनिश्चित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
