चार दिवसीय राज्यस्तरीय विद्यालय प्रतियोगिता का समापन, विजेता खिलाड़ियों को मेडल व ट्रॉफी देकर किया गया सम्मानित
(पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार…)
बगहा। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय तलवारबाजी (फेंसिंग) प्रतियोगिता 2026 का खेल भवन-सह-व्यायामशाला भवन में भव्य समापन हुआ। चार दिवसीय प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में तिरहुत प्रमंडल के खिलाड़ियों का विशेष दबदबा रहा।

समापन समारोह में प्रभारी खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के अंडर-14 फॉयल वर्ग में मगध प्रमंडल के विक्रम राज प्रथम, एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के अभिनव राज द्वितीय तथा तिरहुत के यश कुमार और पटना के विवान राज संयुक्त रूप से तृतीय रहे। अंडर-14 सेबर में तिरहुत के दिवेश कुमार ने स्वर्ण पदक जीता। एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के सनी कुमार दूसरे तथा पटना के रणवीर चौधरी और रितिक कुमार राज संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।

अंडर-17 एपे वर्ग में तिरहुत के हिमांशु राज प्रथम, पटना के दीपांशु कुमार द्वितीय तथा कृष्णा कुमार और सनी कुमार संयुक्त रूप से तृतीय रहे। सेबर वर्ग में तिरहुत के सनी कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के आयुष कुमार दूसरे तथा अभिषेक कुमार पाल और भास्कर पांडे संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे।
वहीं, अंडर-19 फॉयल में तिरहुत के मनजीत कुमार प्रथम और युवांक राज द्वितीय रहे। पटना के शशि राज एवं मगध के कुणाल सिंह ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 एपे में पटना के कुमार मुकुल प्रथम, शौर्य राज द्वितीय तथा एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र के परवेज आलम और पटना के विशाल कुमार संयुक्त रूप से तृतीय रहे।
इस अवसर पर प्रभारी खेल पदाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि बिहार में तलवारबाजी सहित विभिन्न खेलों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए लगातार अवसर उपलब्ध करा रही है। ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

आयोजन के सफल संचालन में योगदान देने वाले तकनीकी पदाधिकारियों, रेफरी, शारीरिक शिक्षकों, चिकित्सा दल एवं खेल कर्मियों की भी सराहना की गई। प्रतियोगिता ने उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देने के साथ जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
