पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
कुशीनगर। सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए रील बनाने का जुनून अब लोगों को खतरनाक जगहों तक ले जा रहा है। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित पनियहवा पुल से ऐसा ही हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में दो महिलाएं पुल के बीच सड़क पर लेटकर नाग-नागिन की तरह डांस करते हुए रील बनाती नजर आ रही हैं। इस दौरान उनके बगल से वाहन भी गुजरते दिखाई दे रहे हैं।बताया जा रहा है कि दोनों महिलाओं ने पनियहवा पुल पर बीच सड़क रील बनाई और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर इस तरह रील बनाने और यातायात प्रभावित करने पर आपत्ति जताई। लोगों का कहना है कि पुल जैसी व्यस्त जगह पर इस तरह की हरकत से कभी भी हादसा हो सकता है।
वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया संज्ञान
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खड्डा पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। पुलिस के अनुसार, वीडियो में नजर आ रही बरवारतनपुर के नौका टोला निवासी सुशीला देवी को हिरासत में लेकर उसका चालान किया गया है। वहीं, उसके साथ रील बनाने वाली दूसरी महिला की तलाश की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि पनियहवा पुल पर रील बनाने के मामले में सुशीला देवी का चालान किया गया है। दूसरी महिला की तलाश जारी है।
पुल पर रील बनाने पर पहले से है रोक
बताया गया है कि खड्डा एसडीएम की ओर से पनियहवा पुल पर रील बनाने पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद लोग पुल और रेलवे ट्रैक जैसी संवेदनशील जगहों पर वीडियो बनाने से बाज नहीं आ रहे हैं। गुरुवार को दो महिलाओं के पुल पर लेटकर रील बनाने का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।

स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्ती बरतने की मांग की है, ताकि रील बनाने के चक्कर में यातायात बाधित होने और किसी बड़े हादसे की आशंका को रोका जा सके। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
