म
मिथिलेश कुमार झा सुपौल
सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने तथा दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाने को लेकर शुक्रवार को चेक पोस्ट भीमनगर में 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एवं एपीएफ नेपाल के अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीमा क्षेत्र की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, सीमा पर होने वाली गतिविधियों तथा आपसी सूचना आदान-प्रदान को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, अवैध आवागमन सहित अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की रोकथाम के लिए दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल और संयुक्त कार्रवाई पर जोर दिया गया। संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं को त्वरित रूप से साझा करने तथा सीमा क्षेत्र में संयुक्त गश्त को अधिक प्रभावी एवं नियमित बनाने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने सीमा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और आपसी सहयोग की व्यवस्था को मजबूत करने पर सहमति जताई। वर्तमान बाढ़ के मौसम को देखते हुए सीमा क्षेत्र में सुरक्षा के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों पर भी विशेष रूप से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में दोनों देशों के अधिकारियों ने आपसी विश्वास, सहयोग और समन्वय को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही भविष्य में भी ऐसी समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति बनी। बैठक में 45वीं वाहिनी एसएसबी की ओर से द्वितीय कमान अधिकारी एवं कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा, सहायक कमांडेंट राहुल कुमार, निरीक्षक (सा.) राघव कुमार झा, उपनिरीक्षक (सा.) विपिन कुमार झा सहित अन्य बलकर्मी उपस्थित थे। वहीं ए पीएफ नेपाल की ओर से 04 बटालियन एपीएफ के एसपी लावा के. सापकोटा, 06 बटालियन ए पी एफ के एसपी नवीन सिंह राय, हरिपुर एपीएफ के डीएसपी फुरजी शेरपा, बीओपी बरसाइन के इंस्पेक्टर बिंदुर कार्की, बीओपी टीलाडी के इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह चेसर सहित अन्य कार्मिक मौजूद रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।
