पंचानन सिंह बगहा पश्चिमी चंपारण बिहार।
बेतिया। सिरिसिया थाना क्षेत्र के भीकमपुर भटहा वार्ड संख्या-14 में शनिवार को पानी में डूबने से 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजेश कुमार मुखिया के पुत्र हरिओम कुमार के रूप में हुई है। हरिओम सरकारी स्कूल में दूसरी कक्षा का छात्र था।
बताया जाता है कि 8 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे हरिओम कुछ बच्चों के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसे शौच लगी। शौच के बाद पानी छूने के दौरान काई लगी जगह पर उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। साथ मौजूद बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने एसडीआरएफ टीम को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंचकर बच्चे की तलाश में जुट गई। देर रात तक खोजबीन के बावजूद सफलता नहीं मिली। रविवार की सुबह करीब सात बजे एसडीआरएफ टीम ने काफी प्रयास के बाद बच्चे का शव पानी से बरामद किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जीएमसीएच बेतिया में पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
